मंझनपुर। जिला अस्पताल परिसर में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अक्तूबर और दिसंबर माह में भवन की तकनीकी व गुणवत्ता संबंधी जांच विभिन्न स्तरों पर पूरी कर ली गई है। वहीं, इसी माह अस्पताल भवन को संबंधित विभाग को हैंडओवर किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध इस परियोजना में जी-प्लस-वन (कॉरिडोर सहित), जी-प्लस-फोर और जी-प्लस-सेवन श्रेणी के भवनों का निर्माण किया गया है। नए अस्पताल में 330 बेड, बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में सेंट्रल स्टरलाइजेशन सिस्टम डिपार्टमेंट (सीएसएसडी), जन-औषधि केंद्र, दर्जनभर प्रमुख विभागों की ओपीडी और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाएं विकसित की गई हैं।
जांच सुविधाओं में पैथोलॉजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक सेवाएं शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार वर्तमान में यहां लगभग 22 पीएमएस डॉक्टर, करीब 30 जूनियर रेजीडेंट और 10 सीनियर रेजीडेंट कार्यरत हैं। नए अस्पताल के संचालन से मरीजों को बेहतर इलाज मिलने के साथ-साथ मेडिकल छात्रों और रेजीडेंट डॉक्टरों को भी उन्नत प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
साथ ही बताया कि अस्पताल के शुरू होने से जिला अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम होगा और गंभीर रोगियों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे जिले की जनता को सस्ता, सुलभ और आधुनिक इलाज अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेगा।
निर्माण पूरा, अंतिम जांच के बाद सौंपा जाएगा नया अस्पताल
:: पीएमसी में कार्यरत प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग कंसल्टेंट अखिलेश यादव ने बताया कि जिला अस्पताल परिसर में निर्मित नए मेडिकल कॉलेज के अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। तीसरे और अंतिम चरण की जांच इसी माह प्रस्तावित है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अस्पताल भवन को संबंधित विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
नए मेडिकल कॉलेज के अस्पताल का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है और सभी आवश्यक तकनीकी व गुणवत्ता जांच सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं। अस्पताल के संचालन से न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि मेडिकल छात्रों और रेजीडेंट डॉक्टरों को भी आधुनिक संसाधनों के साथ बेहतर प्रशिक्षण का अवसर प्राप्त होगा। - डॉ. हरिओम कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बनकर तैयार पर्चा काउंटर। संवाद