मंझनपुर/सिराथू। कड़ा कोतवाली क्षेत्र के अफजलपुर सातों गांव के कोटेदार के भाई की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने दोनों आंखें भी निकाल ली। दो दिन से गायब युवक की सोमवार शाम प्रतापगढ़ में मानिकपुर पंप कैनाल के समीप लाश मिली। फिलहाल परिजनों ने दोनों जिलों की पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
अफजलपुर सातों निवासी सिकंदर (35) पुत्र बहादुर खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। उसका बड़ा भाई धर्मराज कोटेदार है। बताया जाता है कि 15 जून को सिकंदर बुलेट लेकर घर से निकला। बताया जाता है कि इसके बाद लापता हो गया। सोमवार दोपहर इलाके के कंथुआ गांव के समीप सड़क किनारे सिकंदर की बुलेट खड़ी मिली। इसकी जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिवार वालों संग मिलकर गायब युवक को खोजना शुरू किया। सोमवार शाम को प्रतापगढ़ में मानिकपुर पंप कैनाल के समीप गंगा नदी में सिकंदर की लाश मिली। उसके सीने के बगल में गोली लगी थी। दोनों आंखें भी गायब थीं। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। मामले में कड़ा कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि शव प्रतापगढ़ में मिला है। इसलिए वहीं की पुलिस केस दर्ज करेगी। जबकि मानिकपुर पुलिस कह रही है कि लाश कहीं से बहकर आ गई है। अफसर ही तय करेंगे की एफआईआर कहां लिखी जाएगी। फिलहाल परिवार की ओर से दोनों जिलों की पुलिस को तहरीर ही नहीं दी गई है।