नेवारी गांव में बुधवार रात हत्या कर शव फेंके जाने की सूचना का बृहस्पतिवार को पटाक्षेप हो गया है। रात भर पुलिस जिस युवक शव खोज रही थी, वह गंभीर हालत में घर में मिला। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
करारी पुलिस को बुधवार रात करीब दस बजे सूचना मिली कि नेवारी गांव में एक युवक की कुछ लोगों ने हत्या कर शव नदी के किनारे कहीं फेंक दिया है। सूचना पर सदर सीओ शिवांक सिंह पुलिस टीम के साथ खोजबीन करने पहुंचे। रात करीब एक बजे तक खोजबीन के बाद भी पुलिस को कोई शव या साक्ष्य नहीं मिला।
बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें युवक को नेवारी गांव में ही पीटे जाने की बात कही गई थी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि घायल युवक मंझनपुर कोतवाली के रामपुर बसोहरा गांव का सलमान पुत्र तोता उर्फ नफीस अहमद है।
पुलिस सलमान के घर पहुंची तो वह घायल मिला। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि है सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो के आधार पर जांच में सामने आया कि सलमान को ही नेवारी में पीटा गया है।