तमंचा दिखाकर रंगदारी मांगने वाला भेजा गया जेल
- कटैया बालू घाट के पट्टेधारक ने दर्ज कराया था मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। सरायअकिल के कटैया बालू घाट पर पिछले महीने कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर रंगदारी मांगने वाले आरोपी को शनिवार को पुलिस ने तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर लिखापढ़ी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी युवक के खिलाफ पट्टेधारक अरशद सिद्दीकी ने मुकदमा दर्ज कराया था।
कटैया बालू घाट के खंड संख्या 10/10 से 10/13 का बालू खनन के लिए चायल कस्बे के अरशद सिद्दीकी के नाम पट्टा हुआ है। आरोप है कि अरशद के आवंटित खंड पर 12 अप्रैल की रात चकपिनहा गांव के मो. सैफ ने तमंचा दिखाकर घाट पर कार्यरत कर्मचारियों से रंगदारी मांगी थी। 29 मार्च को भी उसने घाट पर बालू लादने आए वाहन चालकों को गाली-गलौज कर भगा दिया था। घाट से रंगदारी मांगने के आरोप में पट्टेधारक अरशद सिद्दीकी ने सैफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी मो.सैफ को किलनहाई नदी के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक सैफ का आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ पहले से भी छह मुकदमे दर्ज हैं और उसके ऊपर पिछले साल गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।