मंझनपुर। पाकिस्तान के आर्मी स्कूल में आतंकी हमले में मारे गए मासूम बच्चों की याद में कौशाम्बी के स्कूलों में शोकसभा हुई। छात्र-छात्राओं ने मासूम की आत्मा की शांति को मौन रखा। उन्हें याद करते हुए पुष्पांजलि दी। वहीं माध्यमिक शिक्षक संघ ने भी बैठक करके घटना को मानवता को शर्मशार करने वाली और घिनौनी हरकत करार दिया।
पाकिस्तान में आतंकी हमले में आर्मी स्कूल के सौ से अधिक बच्चों की मौत पर कौशाम्बी में भी शोक मनाया गया।
एनडी स्कूल और किड्जी स्कूल भरवारी में आयोजित शोकसभा में बच्चों ने दो मिनट का मौन रखकर मृत छात्र-छात्राओं की आत्मा की शांति को प्रार्थना की। वहीं स्कूल प्रबंधक संजय गुप्ता, प्रधानाचार्य जीतेंद्र प्रताप सिंह, विक्टर डासन, ज्ञानेंद्र बहादुर सिंह, विजय यादव, बद्री विशाल शुक्ल, आनंद मिश्र आदि ने भी घटना की भर्त्सना की। इसी तरह से हलधर एकेडमी अजुहा में भी शोकसभा का आयोजन किया गया।
इसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मृत बच्चों को याद करते उन्हें पुष्पांजलि दी। इस मौके पर प्रबंधक अनुज सिंह, अजमल हसन, गुफरान अहमद, महविश फातिमा, मोहम्मद अरशद, मोहम्मद जुनैद, प्रबल प्रताप सिंह, तालिब खान, अमान उस्मानी आदि मौजूद रहे। वहीं माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट की मंझनपुर में हुई बैठक में भी पाकिस्तान स्कूल में हुई बर्बर घटना की निंदा की गई। जिलाध्यक्ष प्रभाकर द्विेदी ने घटना को मानवता के खिलाफ करार दिया। इस मौके पर करूणेश तिवारी, राजेंद्र प्रसाद, राजमणि त्रिपाठी, चंद्रभूषण पांडेय, पुष्कर पांडेय, धनंजय कुमार, वीपी सिंह, मोहम्मद इस्लाम, पुष्पा पांडेय, चंद्रकांत शुक्ल आदि मौजूद रहे।