करारी। कोतवाली के अवाना आलमपुर गांव से भागी महिला के बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पति ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए करारी कोतवाली को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर कानूनी औपचारिकता पूरी की।
अवाना आलमपुर निवासी अमित कुमार ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी पत्नी गायत्री फरवरी माह में घर छोड़कर चली गई थी। चार वर्षीय बेटे अनमोल को लेकर अपने मायके में रहने वाले युवक के साथ प्रयागराज में रहने लगी। गायत्री ने बताया कि शनिवार दोपहर अचानक अनमोल की तबीयत बिगड़ गई।
इस पर वह बेटे को लेकर अस्पताल गई, लेकिन कुछ देर बाद अनमोल की मौत हो गई। मासूम बेटे का शव लेकर वह प्रयागराज से अपने ससुराल अवाना आलमपुर आई। बेटे का शव देख पिता अमित सहित परिजन बिलख पड़े। पत्नी पर अमित ने मासूम बेटे की हत्या करने का शक जाहिर करते हुए सूचना पुलिस को दी।
इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।