कोतवाली के नेवारी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यपक की पिटाई के दौरान छड़ी लगने से छठवीं के छात्र की एक आंख की रोशनी चली गई। घटना बीते मार्च की है। उपचार के बाद आराम नहीं मिलने से परेशान छात्र की मां ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नेवारी गांव की श्रीमती पत्नी अयोध्या प्रसाद का बेटा आदित्य कुशवाहा (12) नेवारी कंपोजिट विद्यालय में कक्षा छह का छात्र है। मां के मुताबिक नौ मार्च को वह स्कूल पढ़ने गया था। आरोप है कि भरवारी निवासी प्रधानाध्यापक शैलेंद्र तिवारी ने किसी बात की खुन्नस पर आदित्य को बांस की छड़ी से पीटा था। पिटाई के दौरान छड़ी लगने से आदित्य की बाईं आंख में सूजन आ गई थी।
तब उसने घर पहुंचकर रोते हुए घटना की जानकारी परिजनों को दी थी। परिजन उसे इलाज के लिए सदगुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट ले गए थे। वहां चिकित्सकों ने आदित्य के आंख का दो बार ऑपरेशन किया। इसके बाद भी आंख की रोशनी वापस नहीं आई।
श्रीमती ने बताया कि एक अप्रैल को उसने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले की शिकायत की थी। शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।