बेहनपुरवा गांव के समीप कटी बेरौंचा नहर। संवाद
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के बेरौचा रजबहा में करीब दो माह बाद पानी पहुंचा, लेकिन बेहनपुरवा गांव के सामने पटरी कट जाने से पूरा पानी खेतों से बहकर सतीरा नाला के रास्ते यमुना नदी में जा रहा है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है और कई गांवों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि विजिया बाजार के पास फोरलेन सड़क निर्माण के तहत दो माह पहले बेरौचा रजबहा पर पुल निर्माण शुरू किया गया था। इस दौरान निर्माण एजेंसी ने रजबहा में अस्थायी बांध बना दिया था। पुल निर्माण पूरा होने के बाद भी जिम्मेदारों ने डाली गई मिट्टी नहीं हटाई।
पानी की आपूर्ति शुरू होते ही दबाव बढ़ा और बेहनपुरवा गांव के पास पटरी कट गई। कटान में पटरी पर खड़ा एक छायादार पेड़ भी गिर गया। किसान गंगादीन पाल, लालमणि अग्रहरि और राजेंद्र कुमार त्रिपाठी का कहना है कि गर्मी के मौसम में यह रजबहा पशु-पक्षियों के लिए भी पानी का बड़ा सहारा था, लेकिन अब पानी बेहनपुरवा तक ही सीमित रह गया है।
पटरी कटने से जोगापुर, गौरैए, गोपसहसा, मुड़िया डोली, दाई का पूरा, गुरौली, बेरौचा, कैलाशपुर और धाना समेत कई गांवों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल्द पटरी बंधवाने की मांग की है।