संदीपनघाट कोतवाली के भीखमपुर गांव में मंगलवार की रात टेंट कारोबारी के घर का ताला तोड़ कर चोरों ने नकदी समेत जेवरात पार कर दिया। पीड़ित राजेंद्र कुमार के मुताबिक प्रयागराज के मुंडेरा में उसके भाई की हत्या हो गई थी। वह अंतिम संस्कार में शामिल होने मुंडेरा गए थे।
भीखमपुर निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह परिवार समेत घर में ताला बंदकर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गए थे। आरोप है कि बुधवार रात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरे की अलमारी से दो लाख 20 हजार रुपये नकदी समेत बेटी की शादी के लिए रखे करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात उठा ले गए।
बुधवार सुबह पड़ोसियों से उन्हें घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजेंद्र परिवार सहित घर लौटे। उनकी पत्नी अलमारी का टूटा ताला व बिखरा सामान देखकर बेहोश हो गई। परिजन महिला को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शटर का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समशाबाद गांव में बुधवार की रात शटर का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी सहित पांच लाख के जेवर पार कर दिए। घटना की तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
समशाबाद गांव के संगम लाल तिवारी बुधवार की रात परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। इस दौरान बाहर शटर का ताला तोड़कर चोर कमरे में पहुंचे। चोरों ने अलमारी तोड़कर 50 हजार नकद, दो तोले सोने का मंगलसूत्र, चार अंगूठी, एक तोले सोने की जंजीर, लॉकेट, ढाई सौ ग्राम चांदी की पायल, करधनी, बिछिया सहित अन्य सामान पार कर दिया।
सुबह घरवालों ने कमरे के भीतर बिखरा पड़ा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। संगम लाल ने घटना की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। संवाद