मंझनपुर (ब्यूरो)। मार्ग हादसे रोकने के लिए 11 से 17 जनवरी तक यातायात पुलिस विभाग ने सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया है। इस दौरान गोष्ठियां करके जहां लोगों को यातायात नियमों से रूबरू कराया जाएगा। वहीं वाहन चालकों को भी जागरूकता का पाठ पढ़ाने के साथ ही उनके लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
बता दें कि जिले में रोजाना सड़क हादसे हो रहे हैं। मार्ग दुर्घटनाओं में औसतन पांचवें दिन किसी न किसी की जान भी जा रही है। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही इन्हीं मौतों पर विराम लगाने की कवायत में यातायात पुलिस विभाग जुटा है। इसके लिए 11 जनवरी से 17 जनवरी तक यातायात सुरक्षा सप्ताह आयोजित किया है। आयोजन के क्रम में बृहस्पतिवार को मंझनपुर में वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। प्रभारी यातायात निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने टेंपो चालकों को सड़क पर चलने के नियम बताए।
उन्हें क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने, पायदान पर सवारियो को नहीं खड़े करने, कोहरे के मौसम में फाग लाइट का इस्तेमाल करने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करने और हमेशा वाहनों के कागजात साथ में रखने का आह्वान किया। टेंपो चालकों के साथ ही यातायात पुलिस ने आमजन को भी जागरूकता संबंधी पर्चे बांटे। इसमें सड़क की बांयी पटरी से चलने, तेज रफ्तार वाहन नहीं चलाने, बाइक चलाते समय अनिवार्यरूप से हेलमेट और चार पहिया वाहन ड्राइविंग के समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, सड़क पर केले के छिलके न फेंकने, बरसात में संभलकर चलने आदि की सीख दी गई है।