ग्राम पंचायत कायमपुर में कल्लू के घर के पास की खुली नाली। संवाद
कौशाम्बी ब्लॉक के कायमपुर गांव की नाली आज भी खुली है जबकि इसके ढक्कन लगाने का भुगतान करीब डेढ़ साल पहले किया जा चुका है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और तत्कालीन सचिव ने अपने चहेते के खाते में मजदूरी का भुगतान कर दिया। जबकि मजदूरी पाने वाला व्यक्ति ब्लॉक का बड़ा काश्तकार है। उसके पास ट्रैक्टर समेत कई अन्य वाहन और व्यवसाय हैं। ग्रामीणों ने बीडीओ से शिकायत की है। इनका आरोप है कि इस कार्य की जांच करने वाले कर्मचारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
कायमपुर गांव में करीब दो साल पहले क्षेत्र पंचायत से कल्लू पुजारी के घर के पास 200 मीटर नाली का निर्माण हुआ था। खुली नाली को ढकने के लिए ग्राम पंचायत ने योजना बनाई। बिना काम कराए 28 मार्च 2024 को भुगतान निकाल लिया। इसमें सामग्री के नाम पर 1.60 लाख का भुगतान निकाला गया। जबकि दो बार में 14,400 रुपये व 21,870 रुपये का मजदूरी का भुगतान निकाला गया। ग्राम प्रधान राधिका पांडेय व तत्कालीन सचिव दूधनाथ पटेल ने गांव के आशुतोष पांडेय को मजदूर दिखाते हुए उनको भुगतान किया।
ग्रामीणों के मुताबिक आशुतोष पांडेय गांव के समृद्ध लोगों में से एक हैं। वह क्षेत्र के बड़े काश्तकार भी हैं। ग्रामीण पंछी लाल, अशर्फी लाल, गुड्डू तिवारी, अमित तिवारी, दिनेश तिवारी, भोला तिवारी, मनोज तिवारी, राम तिवारी आदि ने बताया कि नाली आज भी खुली है। जबकि ढक्कन लगाने का भुगतान किया जा चुका है।