मंझनपुर। किसानों की प्रशासन अनदेखी नहीं करना चाहता है। अब फसलों की अच्छी पैदावार हो, इसे लेकर अधिकारी गंभीर हैं। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों से खराब नलकूपों की सूची मांगी है। रिपोर्ट मिलते ही नलकूपों को ठीक करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। डीएम ने बताया कि गांव के आम लोग भी नलकूप खराब होने की जानकारी दे सकते हैं।
बेमौसम हुई बरसात और ओलावृष्टि ने जिले के किसानों की कमर तोड़ दी है। गेहूं की फसल चौपट होने की वजह से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। अन्नदाता अब जायद की फसलों के सहारे हैं। इन्हें उम्मीद है कि आने वाली फसलों की अच्छी पैदावार होगी। किसानों ने खेतों में हाड़तोड़ मेहनत भी शुरू कर दी है। संघर्ष के इन दिनों में किसानों को सिंचाई आदि में दिक्कत न हो, इसके लिए जिला प्रशासन गंभीर है। डीएम राजमणि यादव ने बताया कि सभी ब्लाकों के खंड विकास अधिकारियों से दो दिन के भीतर खराब नलकूपों की रिपोर्ट मांगी गई है। ग्रामीण भी बीडीओ कार्यालय में नलकूप के खराब होने की सूचना दर्ज करवा सकते हैं।
रिपोर्ट मिलते ही नलकूपों को दुरुस्त करवा दिया जाएगा। बतादें कि राजकीय नलकूपों के अलावा निजी नलकूपों की भी रिपोर्ट डीएम ने मांगी है। इन नलकूपों को भी बनवाने की कवायद की जाएगी। डीएम ने बताया कि किसानों को किसी भी विभाग से कोई परेशानी है तो वह सीधे उनसे शिकायत कर सकते हैं। इन्होंने अधिकारियों को भी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।