कोतवाली के गौहानी गांव में बुधवार छप्पर बनाने के लिए हरा बांस काटकर घर लौट रहे युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। सप्ताह भर पहले युवक के पिता की भी हार्टअटैक से जान गई थी। सप्ताह भर में एक घर के दो सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम है।
गौहानी गांव निवासी कृष्णा प्रसाद उर्फ बड़का (28) पुत्र स्व. सत्यनारायण किसानी करता था। कृष्णा के घर का छप्पर टूट गया था। छप्पर बनवाने के लिए वह बुधवार शाम हरा बांस काटकर घर ला रहा था। रास्ते से गुजरी हाईटेंशन लाइन में बांस छू जाने के कारण कृष्णा करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
घटना देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए परिवार वालों को खबर दी। परिजन मौके पर पहुंचे और कृष्णा को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि सप्ताह भर पहले कृष्णा के पिता सत्यनारायण की ह्दयगति रुकने से मौत हो गई थी। अभी परिवार के लोग सदमे से उबर नहीं सके थे कि दूसरी घटना हो गई। कृष्णा अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों का परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।