प्रदेश की पशुधन और दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने शनिवार को सयारा स्थित मां शीतला अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दी है।
राज्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जनधन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, पीएम आवास, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने दावा किया कि किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत लाखों करोड़ रुपये की सहायता दी गई है, जबकि किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी गई है। महिलाओं को लखपति दीदी, उज्ज्वला और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं से सशक्त बनाया गया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, वंदे भारत ट्रेनों, मेट्रो नेटवर्क, नए हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार से देश के विकास को नई गति मिली है। भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूत और भरोसेमंद राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय है।
प्रेसवार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, प्रतिभा कुशवाहा, पप्पू पटेल, संजय गुप्ता आदि रहे।