मंझनपुर। स्थानीय नगर पालिका के सुभाषचंद्र बोस नगर (असकरनपुर मगरोहनी) में नाला निर्माण के लिए खुदाई कर ठेकेदार 15 दिन से गायब है। इससे यहां के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंझनपुर से सिराथू जाने वाले मार्ग में जलनिकासी के लिए नगर पालिका की ओर से आजमगढ़ की कार्यदायी संस्था को ठेका मिला है। संस्था के ठेकेदार ने 15 दिन पहले नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई भी करवा दी, इसके बाद से वह नहीं आया।
वार्ड के राकेश कुमार व सोनू केसरवानी ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से दो पहिया वाहन तो दूर पैदल भी निकलना मुश्किल हो गया है।इसी तरह अवधेश यादव ने बताया कि दो दिन पहले स्कूल जाने वाले दो बच्चे इसी गड्ढे में गिरने से जख्मी हो गए हैं। इसे लेकर पालिकाध्यक्ष और ईओ से शिकायत की गई। लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ।
मामला संज्ञान में है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को बैठक भी की गई। ठेकेदार ने दो दिन का समय मांगा है। जल्दी ही नाले का निर्माण पूरा करवा दिया जाएगा।वीरेंद्र सरोज उर्फ फौजी, नगर पालिकाध्यक्ष