सचेंडी थानाक्षेत्र के भौती हाईवे पर शुक्रवार को हुए हादसे में घायल एक वृद्ध की समय पर इलाज न मिलने से मौत हो गई। घायल को पुलिस एलएलआर अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज पुल पर लगे जाम ने जान ले ली।
पश्चिमशरीरा के कुंआहीड निवासी रामदयाल (61) सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रामदयाल को मौके पर पहुंची पीआरवी की टीम एलएलआर अस्पताल लेकर जा रही थी। बीच रास्ते में तेज बारिश और मेडिकल कॉलेज पुल पर लगे भीषण जाम की वजह से वाहन फंस गया। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे रास्ता खुलवाकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान पास से मिले आधार कार्ड के जरिये की गई।