बंधक बनाए गए युवक को किया परिजनों के हवाले
- पइंसा में आठ महीने तक युवक से करवाई गई थी बंधुआ मजदूरी
अमर उजाला ब्यूरो
पइंसा। बंधक बनाकर रखे गए युवक को शनिवार सुबह पइंसा पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया। परिवार वाले तहरीर देने के लिए तैयार नहीं हुए। इसलिए आरोपी के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चित्रकूट जिले के कर्वी थाना स्थित पथहाई गांव निवासी रमाशंकर पुत्र रामलखन ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती है। करीब आठ महीने पहले भटकते हुए पइंसा पहुंच गया था। वहां पइंसा के ही एक दबंग ने साथियों संग मिलकर अपरण कर लिया। पीड़ित की मानें तो आरोपी उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखे था। उससे जानवरों को चारा-पानी दिलवाता था। हैंडपंप से पानी भरवाता था। घर के अन्य काम भी कराए जाते थे। किसी भी कीमत पर घर से बाहर नहीं जाने दिया जाता था। काम नहीं करने पर दबंग बेरहमी से पिटाई करता था। खाना भी रूखा-सूखा देता था। सोमवार शाम पीड़ित किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर भाग निकला और पुलिस तक पहुंच गया। पीड़ित का मामा जितेन्द्र शुक्ला नगर कोतवाली इलाके के नारा गांव में रहता है। अखबारों के जरिए उसे भांजे को बंधक बनाकर रखे जाने की जानकारी हुई तो शनिवार सुबह वह बहन शकुंतला के साथ पइंसा कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने पीड़ित युवक को मामा और उसकी मां के हवाले कर दिया है। मामले में पइंसा एसओ संजय गुप्ता का कहना है कि परिजन तैयार नहीं हुए, इसलिए दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकी।