सराफा कारोबारी के लूटे गए थे 40 लाख
- रविवार की भोर प्रतापगढ़ के हथिगवां इलाके में हुई थी वारदात
-व्यापारी के चालक व मुनीम को बंधक बनाने के बाद दिया था घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां इलाके में सराफा कारोबारी के कर्मचारियों के साथ लूटपाट के मामले में कोखराज कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके मुताबिक सराफा कारोबारी के 40 लाख रुपये लूटे गए थे। कोखराज इलाके में मिली व्यापारी की कथित लावारिस स्कार्पियो के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
वाराणसी निवासी व्यापारी ज्वाला सेठ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनकी फर्म जेपी ज्वैलर्स स्वर्ण आभूषण का व्यवसाय करती है। 30 जनवरी की रात 11:30 बजे उनके यहां काम करने वाले विनोद कुमार रावत व हरिनाथ यादव 40 लाख रुपये नकद लेकर दिल्ली जा रहे थे। देर रात करीब तीन बजे चालक ने फोन पर बताया कि प्रयागराज व प्रतापगढ़ के बार्डर स्थित हथिगवां इलाके में इनोवा सवार तीन चार अज्ञात व्यक्तियों ने ओवरटेक कर स्कार्पियो रोक ली। इसके बाद जबरन हथौड़े से प्रहार कर गंभीर चोट पहुंचाई और दोनों लोगों के हाथ पैर रस्सी में बांधकर, मुंह में टेप लगाने के बाद हाईवे किनारे नाले में फेंक दिया। इसके बाद पता चला कि 31 जनवरी को गाड़ी लावारिस हालत में कोखराज के धन्नी गांव के समीप खड़ी मिली है। गाड़ी में रखे 40 लाख रुपये लूट लिए गए थे। पुलिस ने ज्वाला प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर प्रतापगढ़ पुलिस का कहना है कि 20 लाख रुपये बरामद हो गए हैं।
---------
पुलिसिया गुडवर्क में उलझी लाखों की लूटपाट
-रविवार भोर ही कोखराज पुलिस ने बरामद कर ली थी लूटी गई स्कॉर्पियो
मंझनपुर। वाराणसी के प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी ज्वाला प्रसाद के कर्मचारियों से 40 लाख की लूटपाट करने वाले बदमाशों के मामले में पुलिसिया गुडवर्क उलझन बन गया है। पुलिस ने लूटी गई स्कार्पियो व कुछ बदमाशों को पकड़ा, लेकिन इसका खुलासा नहीं किया जा रहा है। मामला तीन जनपदों के बीच होने के कारण कौशाम्बी पुलिस अपना बड़ा गुडवर्क दिखाना चाह रही है।
सराफा कारोबारी ज्वाला प्रसाद के मुताबिक उनके कर्मचारी विनोद कुमार रावत व हरिनाथ यादव स्कार्पियो से सोना खरीदने दिल्ली जा रहे थे। प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां इलाके में दोनों कर्मचारयों के साथ लूटपाट हुई। घटना की जानकारी पर प्रतापगढ़, कौशाम्बी और प्रयागराज पुलिस ने नाकेबंदी कर ली। कोखराज में रविवार भोर स्कार्पियो को बरामद कर लिया। सूत्रों की मानें तो बदमाश भी पकड़े गए। अब मामला तीन जनपदों के बीच गुडवर्क का फंस गया। कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और प्रयागराज पुलिस अपने इलाके में गुडवर्क करने की जुगत में लगई गई। लेकिन बाजी कौशाम्बी पुलिस के हाथ लगी। तय हुआ कि जहां गाड़ी व बदमाश पकड़े गए हैं, वहीं रिपोर्ट दर्ज होगी। यही कारण रहा कि घटनास्थल प्रतापगढ़ में होने के बावजूद कारोबारी ज्वाला सेठ से तहरीर लेकर कोखराज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
--------
आखिर स्कॉर्पियो में कहां से आया खून
मंझनपुर। कोखराज पुलिस ने लूटपाट में बरामद जिस स्कॉर्पियो को पकड़ने का दावा किया है उसमें खून कहां से आया। इसका ब्योरा उसके पास नहीं है। अगर खून सराफा व्यापारी ज्वाला सेठ के कर्मचरियों का है तो उनका मेडिकल क्यों नहीं कराया गया। मेडिकल हुआ भी तो उसकी जानकारी सार्वजनिक करने से पुलिस क्यों कतरा रही है। ऐसे तमाम सवाल पुलिस के कथित गुडवर्क पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। वहीं चर्चा है कि लूटपाट में जिन बदमाशों को पकड़ा गया है, पुलिस उन पर ही प्रतापगढ़ के सराफा कारोबारी के यहां डकैती और सुल्तानपुर में सराफा कारोबारियों के कर्मचारियों के साथ लूट के खुलासा का ताना बाना बुन रही है।
---------
इनका कहना है
कोखराज इलाके में सराफा कारोबारी की गाड़ी लावारिस हालत में मिली है। मामले की जांच की जा रही है। व्यापारी की तहरीर पर 40 लाख की लूट का केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
अभिनंदन-एसपी
The bullion businessman was robbed of 40 lakhs