चरवा कोतवाली के समसपुर गांव में सोमवार शाम तीसरी मंजिल के कमरे में नव विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी होने पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए।
पिपरी कोतवाली के फतेहपुर सहावपुर निवासी प्रेम केसरवानी ने अपनी बेटी प्रिया (21) की शादी बीते 14 फरवरी को समसपुुर गांव में दिनेश के बेटे विपिन के साथ की थी। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को दूसरी बार प्रिया ससुराल आई थी। सोमवार शाम परिजन घरेलू काम में व्यस्त थे। इसीबीच तीसरी मंजिल में बने कमरे में प्रिया ने साड़ी के सहारे चुल्ले में फंदा डालकर खुदकुशी कर ली।
काफी देर तक वह नीचे नहीं आई तो परिवार वाले ऊपर पहुंचे। आवाज लगाई तो जवाब नहीं मिला। दरवाजा भीतर से बंद था। खिड़की से देखा तो शव फंदे से लटका हुआ था। परिजनों के रोने-बिलखने की आवाज सुन ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजे को तोड़कर शव को बाहर निकला। थानाध्यक्ष शिवचरन राम ने बताया कि फिलहाल मायके वालों से अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ट्रैक पर मिला पल्लेदार का शव
सैनी कोतवाली के धुमाई गांव स्थित भैरव बाबा मंदिर के समीप सोमवार सुबह पल्लेदार का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन भी हादसे की आशंका जाहिर कर रहे हैं।
अजुहा कस्बे के आंबेडकर नगर निवासी 41 वर्षीय पप्पू पल्लेदारी करते थे। इन दिनों वह अजुहा मंडी में काम कर रहे थे। परिवार वालों ने बताया कि काफी दिन से पप्पू की तबीयत ठीक नहीं थी। दवा कराने के बाद भी आराम नहीं मिल रहा था। सोमवार सुबह सात बजे वह बिना बताए घर से निकल गया।
परिजनों ने सोचा कि वह पल्लेदारी करने गया होगा। वहीं, कुछ लोगों ने उसका शव भैरम बाबा मंदिर के समीप रेलवे लाइन पर देखा तो परिजन को जानकारी दी। रोते-बिलखते परिवार वाले पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सैनी इंस्पेक्टर बृजेश करवरिया का कहना है कि परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है।