सैनी कोतवाली के रामपुर धमावां गांव में दो दिन से लापता हुए मजदूर का शव सोमवार दोपहर घर के पीछे तालाब में उतराया मिला। घर वालों ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
धमावां गांव निवासी दिनेश (32) पुत्र स्व. मोतीलाल ईट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। भतीजे नीरज ने बताया 15 मार्च की दोपहर चाचा दिनेश घर से बिना बताए निकल गए थे। घर वालों ने सोचा कि होली का त्योहार हैं, इसलिए कहीं घूम-टहल रहे हाेंगे। लेकिन, शाम तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। दो दिन बाद सोमवार दोपहर घर के पीछे स्थित तालाब में उनका शव तालाब में मिला।
कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार करवरिया ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।