सैनी कोतवाली के कनवार गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर कानपुर निवासी सलमान का शव पड़ा मिला। वह फतेहपुर अपने दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। युवक की मौत पर सवाल उठाते हुए परिजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद मौके की कानूनी औपचारिकता पूरी की।
कनवार गांव के कुछ लोग मंगलवार सुबह रेलवे लाइन की ओर गए थे। इस बीच लोगों ने देखा कि 32 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव पड़ा है। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के पास मिले मोबाइल व आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त सलमान निवासी नई बस्ती बाबू पुरवा जनपद कानपुर के रूप में की गई। परिजनों को मोबाइल फोन से सूचना देकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजन कोतवाली पहुंचे। पिता मो. शमीम ने बताया कि बेटा सलमान की शादी फतेहपुर जनपद में तीन साल पहले हुई थी। साल भर पहले पत्नी मायके चली गई थी। बेटे ने उसे तलाक भी दे दिया था। सोमवार शाम वह दोस्त के यहां फतेहपुर जाने की बात कहकर ट्रेन से निकला था।
वह फतेहपुर के आगे कनवार में मृत अवस्था में कैसे मिला, यह बात परिजनों को समझ नहीं आ रही। वह हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों ने किसी पर आरोप संबंधी लिखित तहरीर नहीं दी है। परिजन ट्रेन से गिरने से हुई मौत पर शंका जाहिर कर रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फतेहपुर पहुंचने के बजाए उसका शव कनवार में कैसे मिला, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।