चायल। पुरामुफ्ती के समीप हाईवे पर रविवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं साथ रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। युवक कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा गांव का रहने वाला है। उसकी मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा गांव का रहने वाला सुरेंद्र कुमार (25) पुत्र दूज्जे शनिवार को अपने साथी मिथिलेश कुमार के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होेने के लिए पुरामुफ्ती गया था। रविवार की दोपहर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक तेरहमील बाजार के समीप पहुंची।
तभी सामने से आई तेज रफ्तार कार की टक्कर लग गई। इस हादसे में सुरेन्द्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ रहा मिथिलेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को आनन-फानन एंबुलेंस मंगाकर उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही मौत की जानकारी मृतक के परिवारवालों को दी। युवक की मौत की खबर सुनते ही घर-परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, हादसे के बाद कार चालक भागने में सफल रहा। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।