शनिवार की दोपहर 43 डिग्री तापमान होने के कारण मंझनपुर चौराहे पर पसरा सन्नाटा। संवाद
सूरज की तल्खी से गर्मी फिर तेवर दिखाने लगी है। तीन दिन के अंदर तापमान में छह डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। अधिकतम पारा 37 से उछल कर 43 डिग्री पर पहुंच गया। शनिवार को भी गर्मी से जनजीवन बेहाल रहा। चटख धूप ने हर किसी को परेशान कर दिया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। मौसम विभाग ने रविवार को पारा 45 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया है।
गर्मी से जल्दी पीछा छूटने वाला नहीं है। बीते तीन दिन से लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.6 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब एक सप्ताह पहले अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक गया था। इस वक्त जिस तरह से पारे ने रफ्तार पकड़ी है, उससे लग रहा है कि इसे फिर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।
समदा के अविनाश केसरवानी कहते हैं कि बीते सप्ताह पड़ी गर्मी लोग अभी भूले नहीं हैं। तपिश की वजह से लोगों ने दिन में घर से निकलना बंद कर दिया था। सिर्फ सुबह और शाम ही बाहर जाना होता था। मौसम के चढ़ते पारे ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा चिंता बच्चों की सेहत को लेकर हो रही है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से 28 मई तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिन में तापमान बढ़ने और रात में भी उमस बढ़ने के आसार हैं।
इस तरह से चढ़ रहा पारा
तारीख - अधिकतम - न्यूनतम
22 मई- 41.4 - 27.9
23 मई - 37.4 - 27.8
24 मई - 41.0 - 28.6
25 मई - 43.6 - 31.0
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।