चायल(ब्यूरो)। जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र एवं दाखिल खारिज में देरी से खफा चायल तहसील के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तहसीलदार के हटाने की जिद पर अडे़ वकीलों ने शनिवार को प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत की। चेताया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे कार्यबहिष्कार और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
चायल तहसील के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को गुस्साए अधिवक्ताओं ने तहसीलदार को हटाए जाने की जाने की मांग को लेकर अपनी अवाज बुलंद की। नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर चेताया कि दो दिन के भीतर यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगें। बता दें कि अधिवक्ताओं आरोप है कि आय, निवास, जाति और दाखिल खारिज में तहसीलदार मनमानी करते हैं।
इससे लोगों को परेशान होना पड़ता है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने केबाद भी तहसीलदार समस्याओं का समाधान करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। एसडीएम ने वकीलों को उनकी सभी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर लालबाबू, सगीर अहमद, राजकुमार, योगेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।