घटना के बाद सड़क के किनारे पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक व लोगों की भीड़। स्रोत: पुलिस
- फोटो : 1
सरायअकिल थाना क्षेत्र के जुगराजपुर गांव में सोमवार देर रात बरात से लौट रहे किशोर को अज्ञात वाहन चालक ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में दोस्त की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। घटना के बाद से परिजनों में चीखपुकार मची है।
प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंतरवा तालाब बमरौली निवासी अजीत कुमार रैदास (16) पुत्र रमेश कुमार रैदास सोमवार रात पड़ोसी युवक की बरात में शामिल होने के लिए सरायअकिल थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव आया था। बताया गया कि रात करीब एक बजे खाना-पीना खाने के बाद वह अपने दोस्त गगन कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान दोनों रास्ता भटक कर महिला गांव की ओर निकल गए। रास्ता भटकने की जानकारी होने पर दोनों सरायअकिल क्षेत्र के जुगराजपुर गांव के पास रुके। पुलिस के मुताबिक, अजीत सड़क किनारे खड़े होकर लघुशंका कर रहा था। तभी एक चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के साथी गगन कुमार पुत्र स्व. श्याम लाल निवासी पंतरवा पूरामुफ्ती बमरौली की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।