टेढ़ीमोड़/पिंडरा/चायल। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के समीप शनिवार शाम एक कार ने सड़क पार कर रही एक किशोरी और बाबा को टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं नाबालिग लड़की का बाबा घायल हो गया। वहीं अन्य हादसों में 12 लोग घायल हो गए।
कोखराज क्षेत्र के सगरा गांव का शिवमोहन शनिवार शाम अपनी नातिन रोशनी (10) के साथ रिश्तेदार के यहां शिवपुर जा रहा था। कल्यानपुर के समीप बाबा-नानित अप्पे से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान प्रयागराज की ओर से आ रही कार ने दोनों को टक्कर मार दी। इससे रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
वहीं करारी इलाके के रक्सवारा गांव का रामकिशन शनिवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर परिवार सहित एक विक्रम रिजर्व करके दर्शन करने कड़ा धाम जा रहा था। पिंडरा गांव के समीप अचानक कोई मवेशी सामने आ गया। इसे बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा और विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उस पर सवार रामकिशन के साथ उसकी मां मंदोदरी, बेटी सुप्रिया, सुकन्या, बेटे अरुण, वरुण, पिता परमदयाल, बहन रेखा, सुरेखा व भाभी मनोरमा आदि घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने विक्रम के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने विक्रम को कब्जे में ले लिया है।
वहीं पिपरी कोतवाली क्षेत्र के कादिलपुर गांव का सूर्यपाल पुत्र रामअवतार रविवार सुबह किसी काम से धूमनगंज प्रयागराज गया था। लौटते वक्त कसेंदा के समीप वनरोज की टक्कर से उसकी बाइक पलट गई। इससे वह घायल हो गया। इसी तरह कोखराज के धन्नी गांव का ओमप्रकाश गुप्ता शनिवार सुबह पिपरी क्षेत्र के कसेंदा में रहने वाले रिश्तेदार गुजूम के घर गया था। वहां उसकी चार वर्षीय बेटी राधिका पास के इंटर कॉलेज में 26 जनवरी का कार्यक्रम देखने चली गई। लौटते वक्त कार की टक्कर से राधिका घायल हो गई। पिकअप पलटी, चार गोवंश की मौतः चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के तियरा गांव के लोगों ने बताया कि पिकअप तियरा से असरावल खुर्द की तरफ जा रही थी। इस दौरान पीछे से एक बोलेरो आ गई। तस्करों ने इसे पुलिस की बोलेरो समझा और चालक ने पिकअप की रफ्तार बढ़ा दी। बारिश से सड़क की पटरी पर कीचड़ था। इससे गाड़ी फिसल गई। इस वजह से पिकअप पलट गई। करीब 10 गाय-बछड़े थे। जिनमें से चार की जान चली गई। जीवित मवेशियों को किसानों को सुपुर्द कर दिया है। चालक समेत पिकअप सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि तस्करों की तलाश कराई जा रही है।