सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र की महिला ने इलाके के एक बालू पट्टाधारक व उसके मुंशी पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि नामजद तहरीर के बाद भी कोतवाली पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
इलाके के एक गांव की महिला ने बताया कि वह सड़क किनारे झोपड़ी डालकर बच्चों के साथ रहती है।उसके घर के पास ही क्षेत्र के एक बालू घाट के पट्टेधारक ने बालू डंप कर रखा है। डंप बालू की रखवाली उसका मुंशी करता है।
महिला के मुताबिक मुंशी उसकी नाबालिग बेटी को खाने पीने की चीजें देकर बहलाकर काफी दिनों से गंदा काम करता चला आ रहा था। आरोप है कि बीते 16 जुलाई की शाम मुंशी ने फिर से बहलाकर उसकी बेटी को अपने ऑफिस में बुला लिया। वहां पहले से मौजूद बालू घाट के पट्टेधारक व मुंशी ने बारी-बारी से बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
महिला के मुताबिक अंधेरा होने पर जब वह खोजते हुए ऑफिस की ओर गई तो उसे बेटी के चीखने की आवाज सुनाई पड़ी। अंदर घुसकर पूछताछ करने पर बेटी ने रोते हुए घटना की जानकारी दी। इस पर आरोपियों ने उसे 30 हजार नकदी देकर मुंह बंद रखने की धमकी दी।
आरोप है कि कोतवाली से लेकर एसपी तक से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, आरोपी पट्टाधारक का कहना है कि उस इलाके के कुछ लोगों से उसकी रंजिश है। रंजिशवश ही महिला और उसकी बेटी को मोहरा बनाकर जबरन उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला के घर के पास उसका बालू का कोई भंडारण भी नहीं है।
किशोरी ने वीडियो बयान देकर पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप
मंगलवार शाम सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी ने एक वीडियो में बयान देकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने अपने बयान में आरोपियों का नाम और घटना के बारे में जिक्र करते हुए शिकायत के बाद भी आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि अमर उजाला ऐसे किसी भी वीडियो बयान की पुष्टि नहीं करता है।
बालू घाट के पट्टाधारक ने दो महीना पहले उस इलाके के कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट व रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया था। उसी रंजिश के चलते अब पट्टाधारक व उसके मुंशी को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। जिस महिला और किशोरी ने आरोप लगाया है पिछले साल वह अपने पति और पिता के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करवा चुकी है। दोनों के आरोप पूरी तरह से फर्जी हैं।
विनीत कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, सरायअकिल