पश्चिम शरीरा के रउहन का डेरा गांव में शुक्रवार की शाम 15 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के माता-पिता की करीब दस साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। वह घर में अकेले रहकर जीवन यापन करती थी। शुक्रवार शाम ग्रामीणों व परिवार के लोगों ने घर के अंदर किशोरी को फंदे से लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।