मंझनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर गुरुवार को मुख्यालय में जुटे जिले भर के शिक्षकों ने प्रेरणा एप का विरोध किया। अध्यापकों ने शिक्षक दिवस को शिक्षक सम्मान बचाओ दिवस के रूप में मनाया। धरने के बाद शिक्षकों ने बीएसए व जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष मुलायम सिंह ने शिक्षकों से कहा कि वह प्रेरणा एप अपने मोबाइल पर डाउन लोड नहीं करें। जिन अध्यापकों ने एप डाउन लोड कर लिया है वह उसे अन स्टाल कर दें। सभी एनपीआरसी व व प्रभारी प्रधानाध्यापक अपने पद से इस्तीफा दे दें। 11 सितंबर से तीन दिवसीय एप के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। इस दौरान संगठन के मंत्री ध्यान सिंह, जयसिंह, रामबाबू दिवाकर, अनिल सिंह, प्रमोद सिंह, फूलचंद्र, ईश्वर शरण, राजेश रैना, राजेश सिंह सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों के धरने को शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने अपने साथियों के साथ सर्मथन दिया।
उधर प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के जिला संयोजक ओमदत्त त्रिपाठी ने अपने संगठन के शिक्षकों के साथ धरने का सर्मथन किया। उनका कहना था कि एप अध्यापकों की निजता प्रभावित करने वाला है। इसका पुरजोर संगठन विरोध कर रहा है। एप को बिना तैयारी के जल्दबाजी में लागू करना गलत है। उनके साथ विपिन श्रीवास्तव, मायापति त्रिपाठी, भूपेंद्र कुमार सिंह, त्रिभुवन सिंह, गोरखनाथ, कृष्णकांत आदि लोग मौजूद रहे।