कड़ा के अफजलपुर सातो गांव में कोटे की दुकान की जांच अधिकारी। स्रोत: वीडियो ग्रैब
ब्लॉक क्षेत्र के अफजलपुर सातों में राशन घटतौली की शिकायत पर रविवार को अफसरों की तीन सदस्यीय टीम गांव जांच करने पहुंची। टीम को देखते ही ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। बाद में अधिकारियों ने समझा-बुझाकर 150 से अधिक ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। अब जांच टीम की रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
अफजलपुर सातों गांव की अनीता देवी, पूजा देवी, गोमती देवी, राम दुलारी, अनार कली, राशीदा, साबिया, सुमन देवी, सुदामा देवी, मनोज आदि ने हफ्ते भर पहले गांव के कोटेदार मोनी निषाद पर घटतौली का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी।
डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएसओ को तीन सदस्यीय टीम गठित कर आरोपों की जांच कराने का निर्देश दिया। इसी क्रम में रविवार को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार, शत्रुघ्न सिंह व राम कुंवर आर्य जांच के लिए गांव पहुंचे।
टीम सदस्यों को देखते ही गांव के कुछ लोग हंगामा करने लगे। इसके बाद अधिकारियों ने सभी को समझाया फिर जांच शुरू की। अलग-अलग 150 से अधिक लोगों के बयान दर्ज करने के बाद अधिकारी लौट गए।
इस बारे में पूर्ति निरीक्षक राम कुंवर आर्य ने बताया कि कम राशन दिए जाने की शिकायत हुई थी। इसके लिए अलग-अलग तीन लोगों ने जांच की है। सभी अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।