कोतवाली इलाके के एक गांव में पहले किशोरी के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे घरवालों के सुपुर्द कर दिया। अब खुद किशोरी की मां ने गांव के एक युवक के खिलाफ बेटी को बरगला कर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
पश्चिमशरीरा इलाके के एक गांव में रहने वाली महिला ने शनिवार को पुलिस से शिकायत की थी कि गांव के भोला ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की। जिस वक्त शिकायत हुई तब कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम सदर आकाश सिंह व सीओ कौशाम्बी अभिषेक सिंह भी मौजूद थे।
पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज करा किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद किशोरी परिवार वालों के साथ घर चली गई। रविवार को अफवाह फैली कि किशोरी कोतवाली से लापता हो गई है। इसे लेकर सोशल मीडिया में वायरल हुई खबरों को लेकर अफसर सकते में आ गए।
जांच के दौरान पता चला कि जिस आरोपी भोला के खिलाफ मारपीट का मुकदमा लिखाया गया है उसी के साथ किशोरी कहीं चली गई। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह का कहना है कि मारपीट के मामले में किसी महिला को रात में रोका ही नहीं जा सकता। जांच में सच्चाई सामने आने के बाद किशोरी की मां ने खुद ही तहरीर दी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।