मंझनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर सोमवार को होने वाले धरना-प्रदर्शन के लिए परिषदीय स्कूलों में तैनात शिक्षकों ने छुट्टी ले ली है। इसके चलते आज स्कूलों का संचालन शिक्षामित्रों के सहारे ही होगा।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और कंपोजिट मिलाकर 1092 विद्यालय हैं। इनमें लगभग पांच हजार शिक्षकों की तैनाती है। इसके अलावा 1307 शिक्षामित्र और करीब 127 अनुदेशक नियुक्त हैं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से पुरानी पेंशन बहाली सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन सोमवार को बीएसए कार्यालय के सामने डायट मैदान में किया जाएगा। इसमें जिले के सभी शिक्षकों को शामिल होने के लिए कहा गया है।
संघ के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि अवकाश के लिए चार-पांच दिन पहले ही सभी शिक्षकों ने मानव संपदा पोर्टल पर आवेदन कर दिया है। सहायक अध्यापकों के अवकाश प्रधानाध्यापक तो प्रधानाध्यापकों के अवकाश बीईओ स्वीकृत करते हैं। लगभग 90 फीसदी शिक्षकों की छुट्टी मंजूर हो गई है, जो आवेदन लंबित हैं, उन्हें भी देर रात तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। ऐसे में सोमवार को कुछ शिक्षामित्र और अनुदेशकों के सहारे ही स्कूल संचालित होंगे।