मंझनपुर (ब्यूरो)। वेतन से पेंशन की कटौती नहीं किए जाने से परेशान शिक्षकों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। नाराज अध्यापकों ने डायट मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपकर पेंशन कटौती करने की मांग की। ऐलान किया कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
बता दें कि 1 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त हुए प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के खाते से पेंशन के लिए रुपयों की कटौती नहीं की जा रही है। इसे लेकर शिक्षक परेशान हैं। कई बार शिक्षक संगठनों ने इसे लेकर धरना-प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन दिया। इसके बाद भी कटौती की व्यवस्था नहीं की गई। ऐेसे में नाराज अध्यापकों ने उत्तर प्रदेश नई पेंशन संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को डायट मैैदान में धरना-प्रदर्शन किया।
संगठन के जिला संरक्षक सत्येन्द्र त्रिपाठी ने कहाकि पेंशन की रकम की कटौती नहीं होने तक शिक्षक संघर्ष करते रहेंगे। डीआईओएस को दिए गए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में भी शिक्षकों ने पेंशन की रकम की कटौती की ही मांग की है। इस मौके पर अनुज पांडेय, वेदप्रकाश भगत, रमेश सिंह, सतीश नेता आदि मौजूद रहे।