अजय केसरवानी उर्फ पिंटू की फाइल फोटो
- फोटो : credit
करीब तीन माह पहले विद्यालय जाते समय डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए शिक्षक अजय केसरवानी उर्फ पिंटू (32) की शनिवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव निवासी अजय केसरवानी पुत्र रामप्रकाश केसरवानी हरदोई जिले के पिहानी ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। परिजनों के अनुसार करीब तीन माह पहले वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए ।
परिजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ स्थित एसपीपीजीआई ले गए थे। यहां उनका लगातार इलाज चल रहा था। शनिवार शाम उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अजय अपने पीछे पत्नी रेखा केसरवानी और दो वर्षीय पुत्री लाड़ो को छोड़ गए हैं।