जिले के चार रेलवे स्टेशनों पर अब अनारक्षित टिकट की बिक्री अधिक व्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सैय्यद सरावां, मनोहरगंज, बिदनपुर और सुजातपुर रेलवे स्टेशन पर सक्षम उम्मीदवारों के माध्यम से टिकट बिक्री कराई जाएगी।
रेलवे अधिकारियों की देखरेख में कंप्यूटरीकृत अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) के तहत टिकटों की बिक्री एवं संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। लाइसेंस की प्रारंभिक अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है, जिसे संतोषजनक कार्य के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रत्येक स्टेशन पर कमीशन के आधार पर एक स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (एसटीबीए) का चयन किया जाएगा।
यह व्यवस्था 24 घंटे टिकट वितरण सुनिश्चित करेगी, जिससे यात्रियों को किसी भी समय अनारक्षित टिकट उपलब्ध हो सकेंगे। इस प्रक्रिया में जेटीबीएस, आरटीएसए, आरटीए व आईआरसीटीसी की ओर से तैयार एजेंट भी शामिल हो सकेंगे। आवेदन प्रपत्र, संविदा की शर्तें एवं नियमों का विवरण उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से टिकट सुविधा और अधिक सुगम होगी।