मंझनपुर। गर्ल फ्रेंड के साथ बुधवार को शक्ति पीठ शीतला धाम आए इलाहाबाद के होटल संचालक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। धाम में गश खाकर गिरे व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इलाहाबाद के धूमनगंज कोतवाली अंर्तगत झलवा निवासी मंगल केसरवानी (28) पुत्र प्रहलाद ने राजरूपपुर में सूर्या नाम से होटल खोल रखा था। बुधवार की सुबह मंगलवार राजरूपपुर में रहने वाली एक महिला के साथ शीतला धाम आया था। यहां संदिग्ध हालत में चक्कर आने पर वह बेहोश हो गया। घटना देख स्थानीय लोगों ने उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगल के साथ रही युवती ने बताया कि उसकी दोस्ती तीन दिन पहले ही हुई है। मंगल के कहने पर ही वह बुधवार की सुबह शीतला धाम आई थी। घटना की जानकारी से पीड़ित के परिजन भी आ गए। मंगल की मौत से सभी की रो-रोकर हालत खराब है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।