मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में शॉट पुट फेंकती सुषमा। स्रोत- शिक्षक
कस्बे के कस्तूरबा गांधी बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा ने मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में हो रही 69वीं प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीता है। सुषमा के स्वर्णिम थ्रो से स्कूल और स्टेडियम में खुशी का माहौल है।
सिराथू तहसील के बढ़नपुर कादीपुर इचौली निवासी सुरेंद्र कुमार किसान हैं। छह बच्चों के परिवार में पली बढ़ी सुषमा की प्राथमिक शिक्षा गांव में हुई। वह कस्तूरबा गांधी बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में आठवीं की छात्रा हैं। कॉलेज की खेल शिक्षिका संगीता सिंह ने बताया कि मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में हो रही प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 18 मंडलों के कॉलेजों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें सुषमा ने शॉट पुट में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रधानाचार्या नीलम समेत शिक्षकों व अन्य छात्राओं ने बधाई दी है। वहीं, दूसरी ओर सुषमा स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच संदीप ने बताया कि सुषमा का स्टेमिना बेहतर है। यह बना रहा तो उसे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जरूर सफलता मिलेगी।