सदर तहसील के अलग-अलग गांवों की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव में एक महिला और पश्चिमशरीरा के गांव कोल्हुआ में एक ग्रामीण की सर्पदंश से मौत हो गई। दोनों ही मामलों में परिजन घायलों को अस्पताल न ले जाकर झाड़फूंक के चक्कर में पड़े रहे।
पाली निवासी सुकरू लाल निषाद ने बताया शनिवार रात परिवार के लोग खाना खाकर सो गए। उनकी पत्नी नथिया जमीन पर लेटी थी। आधी रात के करीब उसे सांप ने डस लिया। वह दर्द से चीखने लगी तो सब जाग गए। आननफानन उसे पड़ोस के गांव में रहने वाले एक तांत्रिक के पास ले जाया गया। झाड़फूंक के दौरान नथिया की मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
कोल्हुआ निवासी उमेश (40) अपने परिवार के साथ अंधावां स्थित ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी करता था। उमेश की पत्नी गीता ने बताया रविवार दोपहर उमेश चट्ठे से ईंट निकाल रहे थे। इस दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। चीख-पुकार सुन अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। झाड़फूंक करने वाले के पास ले गए। वहां आराम नहीं मिलने पर जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन देर हो चुकी थी। उमेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीधे अस्पताल पहुंचे
डॉक्टरों के अनुसार ज्यादातर सर्प जहरीले नहीं होते। अंधविश्वास में जकड़े लोग पहले मरीज को झाड़फूंक कराने ले जाते हैं। यह पूरी तरह से गलत है। अगर समय रहते इलाज कराया जाए तो सर्पदंश के शिकार लोगों की जान बचाई जा सकती है।
इन बातों का रखें ख्याल
0 बरसात के पहले लकड़ी-कंडी आदि भूसावल से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर रख लें
0 रात को बिस्तर से नीचे उतर रहे हैं तो टार्च या मोबाइल की लाइट से नीचे पहले यह देख लें की जूता-चप्पल में सर्प तो नहीं है
0 रात को जमीन, खासकर कच्ची जमीन पर सोने से बचें
0 कच्चे घरों में चूहे के बनाए गए छेदों को अच्छी तरह मिट्टी से भर दें
0 झाड़फूंक के बजाय मरीज को सीधा अस्पताल ले जाएं
सर्पदंश की घटना होने पर यह करें
0 घाव को अच्छी तरह साफ पानी व साबुन से धुले
0 हर सांप जहरीला नहीं होता, मरीज के अंदर भय न पैदा करें
0 मरीज को तत्काल सरकारी अस्पताल लाएं
0 घाव से खून बह रहा हो तो उसे डिटॉल से धुलते रहें
सभी सरकारी अस्पतालों में एंटी स्नैक वैक्सीन उपलब्ध है। यह वैक्सीन पूरी तरह से निशुल्क है। अगर कोई सर्पदंश का शिकार हुआ है तो उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लाया जाए।
डॉ. एचपी मणि, डिप्टी सीएमओ