बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नवंबर महीने में विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत ऊर्जा टीम का गठन किया जाएगा। टीम के सदस्य विद्यालय समय समाप्त होने के बाद सभी विद्युत उपकरणों को बंद करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों को ट्यूब लाइट, बल्ब और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग न होने पर उन्हें बंद रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में पोस्टर, बैनर और नोटिस बोर्ड का इस्तेमाल किया जाएगा। विद्यार्थियों को बिजली बचत का महत्व बताने के साथ घरों में भी ऊर्जा की खपत कम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ऊर्जा के नवीकरणीय स्रोतों की जानकारी देने के लिए गैर सरकारी संगठनों और बिजली विभाग के सहयोग से गोष्ठियां आयोजित कराई जाएंगी। विद्यालयों में सोलर पैनल लगवाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
नवंबर में निर्धारित गतिविधियों के तहत प्रथम शनिवार को बिजली बचत के विषय पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों को बिजली की अनावश्यक खपत रोकने और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी।
वर्जन::
विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण की आदत विकसित करने के लिए विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य बच्चों को बिजली बचाने के प्रति जिम्मेदार बनाना और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।
डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा, बीएसए