साइकिल सीखने घर से निकली 10वीं की छात्रा अनन्या साहू (15) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा झलवा के खेलगांव के पास हुआ।
कौशाम्बी के थाना कड़ा धाम गांव सौरई निवासी शिक्षक अजय साहू और उनकी पत्नी शशि देवी गांव के ही कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक हैं। पिछले कई वर्ष से दंपती अपने दो बेटों आदर्श व अथर्व और बड़ी बेटी अनन्या के साथ रह रहे थे। बच्चों की पढ़ाई के लिए प्रीतम नगर एमआईजी कॉलोनी में किराये का कमरा ले लिया था। बेटी अनन्या साहू सिविल लाइंस स्थित स्कूल में दसवीं की छात्रा थी।
परिजनों के मुताबिक, अनन्या रविवार शाम को साइकिल सीखने के लिए घर से निकली थी। आशंका है कि इस बीच खेलगांव के पास रेलवे पटरी पार करने के वक्त वह ट्रेन की चपेट में आ गई। मौके पर जीआरपी पहुंची और अज्ञात में शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पिता अजय साहू ने बताया कि अनन्या घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई। रात आठ बजे तक दुर्गा पार्क, एलआईजी कॉलोनी और आसपास के इलाकों में खोजबीन की। इसके बाद पुलिस को तहरीर देकर बेटी की तलाश की गुहार लगाई। पुलिस ने सुबह सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही, इसके बाद वह घर आ गए।
रात दो बजे मिली अनहोनी की खबर
पिता अजय ने बताया कि रात में घर लौटने के बाद मकान मालिक के कहने पर परिजन दोस्तों के साथ राजरूपपुर क्षेत्र में भी उसकी तलाश करते रहे। हर जगह बेटी को खोजते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात दो बजे पता चला कि रविवार शाम खेलगांव के रेलवे ट्रैक पर मिली अज्ञात किशोरी का शव अनन्या का है। परिवार पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचा शव की शिनाख्त की।