- स्कूल से घर लौटते वक्त चालक ने छात्र को दिया था लिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के चलौली गांव में ट्रैक्टर से घर आ रहा छात्र अचानक छिटक कर पहिये के नीचे आ गया। घटना में गंभीर रूप से जख्मी छात्र को इलाज के लिए तिल्हापुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चलौली गांव निवासी गांव निवासी ज्ञान सिंह महाराष्ट्र के कल्याण शहर में रहकर प्राइवेट नौकरी करते है। उनका बड़ा बेटा वंश (8) गुंगवा की बाग स्थित स्कूल में पढ़ता था। बृहस्पतिवार को स्कूल बंद होने के बाद वंश पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में गांव का एक युवक ट्रैक्टर लेकर घर जा रहा था। वंश को पैदल देख उसने उसे अपने साथ बिठा लिया।
रास्ते में इंजन गड्ढे में जाने के कारण उछला तो वंश छिटककर नीचे गिर गया। उसके ऊपर ट्रैक्टर के इंजन का पिछला पहिया चढ़ गया। चालक ने ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए तिल्हापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इस बारे में इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह का कहना है, घटना की जानकारी नहीं है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।