मूरतगंज(ब्यूरो)। कस्बे में सोमवार को दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। बच्चों के बीच हुई विवाद को लेकर झड़प के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। महिलाओं के बीच मारपीट देख मौके पर लोगों का मजमा लग गया। लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए दोनों पक्षों की तहरीर पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मूरतगंज कस्बे की रहने वसली जुबैदा पत्नी इशाद और बकरीदुननिशा पत्नी छेद्दू के बच्चों के बीच सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर सोमवार की दोपहर दोनों परिवारों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें जुबैदा पत्नी इशाद, सद्दाम, रेशमा, सहाना, कैकशा दूसरे पक्ष से बकरीदुननिशा और रेशमा को चोटें आई है। मारपीट देख मौके पर पहुंचे गांव के अन्य लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलो को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मारपीट की घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई है।