गौरा रोड मोहल्ले में शुक्रवार की शाम रुपयों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। मारपीट में दोनों परिवारों के चार लोग जख्मी हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर तीन नामजद समेत 15 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ली। कोखराज कोतवाली के जलीलपुर निवासी धर्मेश त्रिपाठी दो दिन पहले गौरा रोड भरवारी के शिवानंद जायसवाल की आरा मशीन लकड़ी चिरवाने आए थे। आरामशीन में पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
इसी अदावत में शुक्रवार की शाम दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष से धर्मेश, शिवानंद के साथ दो अन्य लोग घायल हो गए। लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने धर्मेश की तहरीर पर पुन्नू जायसवाल, कृष्णा जायसवाल समेत तीन व शिवानंद की तहरीर पर धर्मेश समेत 15 अज्ञात के खिलाफ मारपीट व बलवा का मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।