कस्बे के इंदिरानगर मोहल्ले में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इनके बीच चले लाठी-डंडे के हमले से महिलाओं समेत दोनों पक्ष के सात लोग जख्मी हो गए। दोनों पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने क्राॅस केस दर्ज किया है।
करारी कस्बे के इंदिरा नगर मोहल्ला की सुषमा पत्नी बच्चा सरोज ने बताया कि मंगलवार सुबह सात बजे वह मवेशियों को को चारा-पानी दे रही थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मोहल्ले की सोमवरिया, सुशीला, पिंकी, संतरा देवी, राजुली देवी, प्रदीप वर्मा व पंचम सरोज गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध पर सभी उसे पीटने लगे। चीख-पुकार सुन माैके पर आए उसके परिजनों को भी पीटा गया। मारपीट से सुषमा व पुष्पा को चोटें आई हैं।
दूसरे पक्ष की सोमवरिया पत्नी तीरथ सरोज का आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर सुषमा पत्नी बच्चा लाल उसकी बेटी पुष्पा, मंथरा व चार अन्य महिलाओं, युवकों ने घर में घुसकर पूरे कुनबे की लाठी डंडे से पिटाई की। मारपीट में सोमवरिया, सुशीला, रजुली, संतरा, पिंकी को चोटें आई हैं।