फार्म-7 के जरिये नाम एसआईआर में मतदाताओं के नाम कटवाने के प्रयास के विरोध में ज्ञापन सौंपते सपा
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर सपाइयों ने शनिवार को चायल तहसील में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों पर फॉर्म-सात के जरिये अल्पसंख्यक, दलित और कमजोर वर्ग के मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप लगाते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार अहमद ने आरोप लगाया कि चायल विधानसभा के कई बूथों पर भाजपा पदाधिकारी फॉर्म-सात भरकर मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से पुरखास गांव के बूथ संख्या 379 और 380 का जिक्र करते हुए बताया कि एक भाजपा कार्यकर्ता ने अल्पसंख्यक, दलित और कमजोर वर्ग के करीब 65 मतदाताओं के फॉर्म-सात भरकर बीएलओ के माध्यम से नाम कटवाने का प्रयास किया है।
कहा कि पूरे चायल विधानसभा क्षेत्र में कई बूथों पर इसी तरह का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम को बीएलओ से प्राप्त लगभग 75 मतदाताओं की सूची भी सौंपी है। मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। इस दौरान मो. अकिल, लुकमान अहमद, मो. आरिफ, अयान, रन्नो देवी, चांद, अजीत यादव आदि मौजूद रहे।