SP handed over memorandum to ASP in innocent death case
- फोटो : KAUSHAMBI
इलाज में लापरवाही से मासूम खुशी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर एएसपी से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग की।
पिपरी के कसेंदा निवासी मुकेश मिश्रा की तीन वर्षीय बेटी खुशी की पिछले सप्ताह मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा था। घटना ने अब सियासी रंग ले लिया है।
पहले कांग्रेस और अब सपाई घटना को तूल देने में लगे हैं। सोमवार को सपा नेता हाजी अवैश हसन की अगुवाई में पार्टी पदाधिकारियों ने एएसपी समर बहादुर से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
इसमें लापरवाही बरतने वाले चिकित्सक केे खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने हॉस्पिटल की मान्यता रद्द करने के साथ मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की गई। इस मौके पर महबूब आलम उर्फ सज्जू, आफाक हुसैन, सुऐब शेख, राजेश यादव आदि सपाई मौजूद रहे।