कोखराज थाना क्षेत्र में घर बेचने से इन्कार करने पर शराबी बेटे ने अपनी 80 वर्षीय मां को इस कदर पीटा कि उनकी जान चली गई। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वॉर्ड-23 एपीजे अब्दुल कलाम नगर स्थित पुरानी बाजार मस्जिद के पास रहने वाली आयशा (80) के परिजनों के अनुसार रविवार देर रात शराब के नशे में धुत गुड्डू उर्फ याकूब ने पुश्तैनी मकान बेचने को लेकर मां आयशा से विवाद किया। विवाद के दौरान उसने पहले मां को बेरहमी से पीटा। मस्जिद में नमाज अदा कर रहे लोगों ने बीच-बचाव कर आयशा को बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी कुछ देर बाद दोबारा घर में घुस गया।
इस बार उसने दरवाजा अंदर से बंद कर मां के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। गले में साड़ी कसने और लगातार पिटाई से वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। जब अचानक चीख-पुकार बंद हुई तो पड़ोस में रहने वाले गुलाम हुसैन और मुश्ताक नेता पहुंचे। दरवाजा खुलवाने पर अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। सूचना पर भरवारी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे, वहीं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। मृतका आयशा अपने पीछे छह बेटियां छोड़ गई हैं। बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी रिजवाना की तहरीर पर कोखराज थाने में आरोपी बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।