मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबावां का मजरा सोनारन का पूरा गांव में शनिवार शाम पर्दा चोरी का आरोप लगाने पर नाराज हुए बेटे ने ईंट से सिर कूंचकर अपनी मां को मार डाला। मां को मौत के घाट उतारने की सनसनीखेज घटना को अंजाम दे आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोेपी बेटे की तलाश की जा रही है।
सोनारन का पूरा निवासी शहजादे की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी 75 वर्षीय पत्नी मेहरुन्निशां बेटों के साथ रहती थीं। छोटे बेटे वसीम ने बताया कि बड़े भाई मो. जाहिद ने शुक्रवार शाम मां के कमरे में लगा पर्दा निकाल लिया था। इसे लेकर शनिवार की दोपहर मां से जाहिद का झगड़ा हुआ। मां ने उस पर पर्दा चोरी का इल्जाम लगाया। इसके बाद जाहिद वहां से चला गया।
शाम को मेहरुन्निशां गांव के बाहर आम की बाग में रखवाली कर रही थीं। करीब छह बजे आक्रोशित बेटा जाहिद मां के पास पहुंचा और चोरी का आरोप लगाते की बात पर उलाहना देने लगा। इसे लेकर फिर दोनों में कहासुनी हुई। इस पर जाहिद ने ईंट से मां के चेहरे व सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर तड़पने लगीं। यह देख जाहिद भाग निकला।
वसीम ने बताया कि भाई को भागता देख अनहोनी की आशंका होने पर वह भागते हुए बाग की तरफ पहुंचा। मां को लहूलुहान हाल में देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। मां को उठाया और मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मेहरुन्निशां के छोटे बेटे वसीम ने पुलिस को मां की हत्या के आरोपी अपने बड़े भाई मो. जाहिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।