विधायक के जनसुनवाई केंद्र में समाजसेवी को पीटा
मंझनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में मनमानी की शिकायत किए जाने से बिफरे सर्वेयर ने सोमवार को विधायक के मुख्यालय स्थित जनसुनवाई केंद्र में एक समाजसेवी को पीट दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। पीड़ित ने डीएम के साथ ही एसपी से भी शिकायत की है।
करारी कस्बे के आजाद नगर मोहल्ला निवासी सुशील कुमार रैना समाजसेवी हैं। उन्होंने बताया कि नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना मनमानी की भेंट चढ़ चुकी है। सर्वेयर सांठगांठ करके अपात्रों की कॉलोनी पास करा रहा है। समाजसेवी की मानें तो उसने इसकी शिकायत हफ्ते भर पहले जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से की थी। इसी बात को लेकर सर्वेयर भन्नाया हुआ था। चार जनवरी को भी उसने अभद्रता की थी। इसकी भी तहरीर डीएम को दी गई तो सोमवार को शहर मिशन प्रबंधक कामरान ने समझौता कराने के बहाने समाजसेवी को मंझनपुर बुलाया। आरोप है कि यहां सरस भवन (विकास भवन) स्थित विधायक मंझनपुर के जनसुनवाई केन्द्र में सर्वेयर ने अपने गुर्गों के साथ समाजसेवी से अभद्रता की। आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग तक किया। विधायक के जनसुनवाई केन्द्र में मनमानी देख मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़ित ने डीएम-एसपी से शिकायत की। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने योजना की जांच कराकर आरोपी सर्वेयर के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।