सालभर से मानदेय नहीं मिलने से मंगलवार को बिजली विभाग के संविदाकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। तमतमाए कर्मचारियों ने मंझनपुर में प्रदर्शन किया। एक्सईएन दफ्तर को घेरकर घंटों हुंकार भरी। एसडीओ को ज्ञापन देकर मानदेय का भुगतान कराने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। अनदेखी पर कामकाज बंद करने की चेतावनी दी गई है।
बिजली विभाग के उपकेंद्रों पर संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों की मानें तो उन्हें 11 महीने से मानदेय नहीं दिया गया है। इससे वे आर्थिक तंगी का शिकार है। पैसे-पैसे के लिए मोहताज बने कर्मचारियों ने बताया कि कई बार एक्सईएन, एसडीओ से शिकायत भी की गई। इसके बाद भी मानदेय नहीं दिलाया जा रहा है।
मानदेय नहीं मिलने से मंगलवार को संविदा कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजलीकर्मी मजदूर संघ के बैनर तले जुटे कर्मचारियों ने मंझनपुर आकर हुंकार भरी। एक्सईएन दफ्तर का घेराव करते प्रदर्शन किया गया। अधिशासी अभियंता की गैरमौजदूगी में कर्मचारियों ने एसडीओ को ज्ञापन देकर मानदेय भुगतान की मांग की। भुगतान के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। चेताया कि मांग पूरी नहीं किए जाने पर वे कामकाज बंद करके हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी की।
वहीं संविदा कर्मचारियों के धरने में बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भी शामिल होकर उनका साथ दिया। साथ ही पेंशन समेत अपनी भी कई मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। इस मौके पर बीसी उपाध्याय, एसएल शुक्ला, चंद्रशेखर, दयाराम, भग्गूराम, शिवकुमार, रामसिंह, नरेश कुमार, फूलचंद्र, शिवलोचन आदि मौजूद रहे।